Home समाचार नॉर्थ-ईस्ट में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कांग्रेस और उसके...

नॉर्थ-ईस्ट में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कांग्रेस और उसके साथी : पीएम मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को झारखंड के धनबाद में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते  पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी नॉर्थ-ईस्ट में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये कहा जा रहा है कि बांग्लादेश से बड़ी संख्या में लोग आ जाएंगे, जबकि यह कानून पहले से ही भारत आ चुके शरणार्थियों की नागरिकता के लिए है। 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ चुके शरणार्थियों के लिए ही इसमें व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि नॉर्थ-ईस्ट के करीब-करीब सभी राज्य इस कानून के दायरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि मैं असम के मेरे भाइयों-बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि कोई भी उनके अधिकारों को नहीं छीन सकता। उनकी राजनीतिक विरासत, भाषा और संस्कृति को Clause 6 की स्पिरिट के अनुसार Safeguard किया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं नॉर्थ-ईस्ट और पूर्वी भारत के हर राज्य, हर जनजातीय समाज को आश्वस्त करना चाहता हूं कि असम सहित नॉर्थ-ईस्ट के अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं और संस्कृतियों को संरक्षित करना और उसे समृद्ध बनाना भाजपा की प्राथमिकता है। मैं आज इस मंच से नॉर्थ-ईस्ट, विशेषकर असम के भाइयों-बहनों और वहां के युवा साथियों से अपील करता हूं कि आप अपने इस सेवक मोदी पर विश्वास रखिए। मैं नॉर्थ-ईस्ट के भाइयों-बहनों की किसी परंपरा, भाषा, रहन-सहन, संस्कृति पर आंच नहीं आने दूंगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के प्रति इतना विश्वास और भरोसा इसलिए है, क्योंकि भाजपा ही है जो संकल्प लेने के बाद उसे सिद्ध भी करती है। भाजपा ने सिर्फ 6 महीने में दिखाया है कि संकल्प चाहे कितने भी बड़े और मुश्किल हों, उन्हें पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने कहा था कि छोटे किसान, खेत मजदूर, छोटे दुकानदार और छोटे व्यापारियों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन की व्यवस्था करेंगे। ये संकल्प भी हमने आते ही पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि हम सुख वैभव के पीछे नहीं दौड़ते हैं, न ही हम चैन की नींद सोते हैं। हर पल देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए हम हमेशा अपने आप को मिटाते रहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने आपसे कहा था कि 2024 तक देश के हर घर को जल देने का काम करेंगे।  सरकार बनते ही हमने जलशक्ति का अलग मंत्रालय बनाया और जल शक्ति मिशन भी शुरू कर दिया। आने वाले समय में इस पर साढ़े 3 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हमने आपसे जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का वादा किया था, जो पूरा हो चुका है और वहां भारत का संविधान पूरी तरह से लागू है। उन्होंने कहा कि  इसके अलावा भाजपा राम जन्मभूमि और तीन तलाक जैसे मुद्दे के अपने वायदों को भी पूरा कर चुकी है।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम  मोदी ने कहा कि बीते 6 महीने में जितने भी फैसले लिए गए हैं, इनमें से अनेक दशकों से लटके हुए थे। इन सारे कार्यों को लटकाने का श्रेय कांग्रेस और उसके सहयोगियों को जाता है। उन्होंने कहा कि OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की मांग कई वर्षो से चल रही थीl सरकार में आते ही कांग्रेस इसे भूल जाती थी लेकिन भाजपा ने OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भाजपा सरकार ने हर गरीब-बेघर परिवार को अपना पक्का घर दिलाने का बीड़ा उठाया है। झारखंड में 10 लाख ऐसे घर बन चुके हैं।  जिनको अभी घर नहीं मिले हैं ,उनको भी 2022 तक अपना पक्का घर मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि 2022 के बाद किसी को झुग्गी-झोपड़ी में नहीं रहना पड़ेगा, पक्का घर हर परिवार को मिलेगा, ये मेरा आपसे वादा है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने धनबाद, देवघर और झारखंड को धूल, धुआं और धोखा दिया। यहां से कोयला निकलता रहा, लेकिन यहां की जनता को प्रदूषण और सुविधाओं के अभाव में छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जब आपने दिल्ली और रांची में भाजपा की सरकार बनाई, तब जाकर डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड बना। पिछले कुछ समय में इस फंड से झारखंड को करीब 5000 करोड़ रुपये मिले हैं और इसे राज्य के मूलभूत संरचना के विकास में लगाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास से सरकार तभी चल पाएगी जब यहां सरकार भाजपा की होगी। क्योंकि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे सिद्ध भी करती है। जो हम कह रहे हैं, उसको हम करके रहेंगे। प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों से रिकॉर्ड मतदान करे झारखंड मेंं भाजपा की सरकार दोबारा बनाने की अपील की। 

Leave a Reply