Home नरेंद्र मोदी विशेष ओडिशा में 19 साल बाद नए सूरज का उदय होने वाला है-...

ओडिशा में 19 साल बाद नए सूरज का उदय होने वाला है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ओडिशा और बिहार के चुनावी दौरे पर हैं। ओडिशा के कालाहांडी में भारतीय जनता पार्टी के विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और बीजू जनता दल की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजू जनता दल दोनों ने ही गरीबों को गरीब बनाए रखने की साजिश रची है। चुनाव आते ही कांग्रेस गरीब-गरीब की माला रटने लगती है। अटल जी ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाया और मैंने मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय बनाया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि 19 साल से राज्य में नवीन पटनायक की सरकार है। 19 साल में तो बच्चा जवान हो जाता है, मगर नवीन पटनायक अभी तक बुनियादी सुविधाएं तो दूर, शुद्ध पेयजल तक मुहैया नहीं करा पाए। 

पीएम मोदी ने कहा,आपने अपने इस प्रधानसेवक को पांच वर्ष पहले दिल्ली का दायित्व दिया और सेवा करने का आदेश दिया था। बीते पांच वर्षों में एक भी दिन की छुट्टी लिए बिना, एक शरीर से जितना काम लिया जा सकता है- उसके पल-पल का उपयोग करते हुए मैंने देश की सेवा करने का प्रयास किया है, समस्याओं का समाधान करने का रास्ता खोजा है। बदलाव लाने की दिशा में सफलतापूर्वक हम आगे बढ़े हैं। लेकिन, ये सब इसलिए संभव हुआ, क्योंकि आपने, ओडिशा ने, पूरे हिन्दुस्तान ने मेरा साथ दिया था। अगर आपका आशीर्वाद न होता तो मैं ये काम नहीं कर पाता। इसलिए, देश में जो कुछ भी बदलाव आया है, उसका क्रेडिट अगर किसी को जाता है, तो मेरे देश के सभी नागरिक भाई-बहनों को जाता है

देश और ओडिशा के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा, बीते 5 वर्षों में ओडिशा के लगभग 8 लाख परिवारों को घर मिला, 24 लाख घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया, 3 हजार गांवों तक पहली बार बिजली पहुंची, उज्ज्वला योजना के जरिए 40 लाख गरीब बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला। आजादी के 70 साल बाद यहां 40 लाख लोगों के बैंक खाते खुले, यहां करीब 50 लाख शौचालयों का निर्माण हुआ- ये सारे काम आपके एक वोट के कारण हुए हैं। आपके एक वोट ने देश का भाग्य बदला है और गरीबों को विश्वास दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने विकास की पंचधारा को हर कोने तक पहुंचाने की कोशिश की है। जनजातीय कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने इस बार 30 प्रतिशत अधिक राशि का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा, अटल जी की सरकार में पहली बार आदिवासी मंत्रालय बना और मेरी सरकार में पहली बार मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय बनाया। वन-धन योजना के तहत जंगल से आप जो उपज लेते हैं, उसकी बेहतर कीमत आपको मिले, इसका काम हम कर रहे हैं। हमने बांस पर भी कानून को बदला, जिससे आप बांस उगाकर पैसे कमा सकते हैं, हमने ये कानून आदिवासी और जंगल में रहने वाले लोगों के लिए पूरी तरह बदल दिया। पहले 10 वन उपजों पर सरकारी एमएसपी मिलता था। हमने इन वन संपदाओं की संख्या बढ़ाकर 50 कर दी। सरकार के प्रयासों से नक्सली प्रभाव वाले क्षेत्रों का दायरा कम होता जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम किसान योजना के तहत देश भर के 12 करोड़ किसानों को हर साल 75,000 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। तीन करोड़ किसानों के खातों में योजना की पहली किस्त पहुंच गई है। आयुष्मान योजना से भी बड़ी संख्या में गरीब लोगों को लाभ मिल रहा है। लेकिन, ओडिशा सरकार के असहयोग की वजह से इन दोनों योजनाओं का लाभ ओडिशा के लोगों को नहीं मिल पा रहा है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान भगवान जगन्नाथ, भवानी शंकर और मां मणिकेश्वरी देवी का स्मरण किया। उन्होंने कहा, ओडिशा में 19 साल बाद एक नए सूरज का उदय होने वाला है। 11 अप्रैल को आपको भुवनेश्वर और दिल्ली में विकास के डबल इंजन के लिए वोट डालना है। आपको नए ओडिशा, नए भारत के नए  विश्वास के लिए भारी संख्या में वोट करना है।

Leave a Reply