Home समाचार अंतरिक्ष में एक और छलांग: जासूसी सैटेलाइट RISAT-2B लॉन्च

अंतरिक्ष में एक और छलांग: जासूसी सैटेलाइट RISAT-2B लॉन्च

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारत ने अंतरिक्ष में एक और कामयाब उड़ान भरी है। भारत ने बुधवार सुबह साढ़े 5 बजे स्पाई सैटेलाइट RISAT-2B को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया। पीएसएलवी सी46 ने RISAT-2B को पृथ्वी की निचली कक्षा सफल तौर पर स्थापित कर दिया। यह सैटेलाइट खुफिया निगरानी, कृषि, वन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में काम आएगा। इसके जरिए अंतरिक्ष से जमीन पर 3 फीट की ऊंचाई तक की बेहतरीन तस्वीरें ली जा सकती हैं। यह दिन के साथ रात में भी साफ तस्वीरें लेने और सभी मौसमों में काम करने वाला है। यह धरती पर हो रही छोटी-छोटी गतिविधियों की सटीक स्थिति दिखा पाने में सक्षम है। इससे दुश्मनों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इसरो प्रमुख के शिवन ने कहा, ‘मुझे यह जानकारी देते हुए बेहद खुशी है कि पीएसएलवी46 का लॉन्च सफल रहा। यह बड़ी उपलब्धि है।’

मोदी सरकार के शासन में पिछले पांच वर्षों में भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की जितनी प्रगति हुई है, उतनी पहले कभी नहीं हुई। एक नजर डालते हैं इसरो की कुछ अहम उपलब्धियों पर-

सैन्य उपग्रह एमीसेट सफलतापूर्वक लॉन्च
इसके पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने 1 अप्रैल, सोमवार को नौ बजकर 27 मिनट पर पीएसएलवी- सी 45 का सफल प्रक्षेपण किया। इसके साथ EMISAT और अन्य विदेशी नैनो उपग्रहों को अंतरिक्ष में छोड़ा गया। पहली बार इसरो का मिशन एकसाथ तीन कक्षाओं के लिए भेजा गया। एमिसैट का वजन 436 किलोग्राम है। यह डीआरडीओ का इलैक्ट्रॉनिक इंटेलीजेंस सैटेलाइट है। इससे दुश्मन देशों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। एमिसैट से दुश्मन के राडार और सेंसर्स पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।इसके साथ 28 सैटलाइट को भी लॉन्च किया गया। इन 28 में 24 अमेरिकी सैटेलाइट शामिल हैं।

स्पेस में सैटेलाइट मार गिराने वाला महाशक्ति बना भारत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष में सुपर पावर बन गया है। भारत अंतरिक्ष में लाइव सैटेलाइट को मार गिराने की क्षमता रखने वाला चौथा देश बन गया है। इससे पहले यह क्षमता अमेरिका, रूस और चीन के ही पास थी। बुधवार को राष्ट्र के नाम संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने आज अपना नाम अंतरिक्ष महाशक्ति के नाम पर दर्ज करा दिया है। हमने अंतरिक्ष में उपग्रह को मार गिराने की क्षमता हासिल कर ली है। हमारे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में 300 किमी दूर LEO (Low Earth Orbit ) में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया है जो कि एक पूर्व निर्धारित लक्ष्य था। 3 मिनट में ही सफलतापूर्वक ये ऑपरेशन पूरा किया गया है।

संचार उपग्रह जी सैट-31 सफलतापूर्वक लॉन्च
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने 6 फरवरी, 2019 को फ्रेंच ग्‍याना के अंतरिक्ष स्‍थल से 40वां संचार उपग्रह जीसैट-31 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। जीसैट-31 उपग्रह का वजन दो हजार पांच सौ 36 किलोग्राम है। यह भारत का 40वां संचार उपग्रह है। इस तरह के 11 उपग्रह पहले से ही अंतरिक्ष में देश की संचार सेवाओं के लिए काम कर रहे हैं। इस उपग्रह के काम करने की अवधि 15 साल होगी और यह कक्षा में स्थित उपग्रहों में से कुछ को अपना काम जारी रखने की सुविधा उपलब्‍ध कराएगा। साथ ही यह भू स्थिर कक्षा में केयू बैंड ट्रांसपोंडर क्षमता को भी बढ़ावा देगा। इसरो प्रमुख डॉक्टर सिवन ने बताया कि उच्च शक्ति के इस संचार उपग्रह से डीटीएच टेलीविजन के लिए ट्रांसपॉन्डर क्षमता मिलेगी और एटीएम, शेयर बाजार, ई-प्रशासन और दूरसंचार से जुड़ी अन्य सेवाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

पीएसएलवी सी-44 का किया सफल प्रक्षेपण
इसरो ने 24 जनवरी को श्रीहरिकोटा से कलामसैट और इमेजिंग उपग्रह माइक्रोसैट-आर को अंतरिक्ष में ले जाने वाले पीएसएलवी सी-44 का सफल प्रक्षेपण किया। इस अंतरिक्ष अभियान की खास बात पीएसएलवी के नए रूप की उड़ान है। कलामसैट को विधार्थियों ने और चेन्‍नई स्थित स्‍पेस किड्स इंडिया ने तैयार किया है। माइक्रोसैट और कलामसैट प्रक्षेपित करने वाले पीएसएलवी सी 44 अभियान के बाद इसरो इस साल 32 अभियान संचालित करेगा।

तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजने के गगनयान मिशन को दी मंजूरी
भारतीय स्पेस प्रोग्राम को नई ताकत देते हुए मोदी सरकार ने साल 2022 तक तीन भारतीयों को अंतरिक्ष भेजने के लिए दस हजार करोड़ रुपये के गगनयान मिशन को मंजूरी दे दी है। इस गगनयान प्रोजेक्ट के सफल होने पर भारत इंसान को अंतरिक्ष भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी साल लालकिले की प्राचीर से दिए अपने भाषण में घोषणा की थी कि 2022 में देश की किसी बेटी या बेटे को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।

गगनयान के तहत तीन लोग कम से कम सात दिन तक अंतरिक्ष में रहेंगे। गगनयान के लिए जीएसएलवी एमके-3 का इस्तेमाल किया जाएगा। इसरो ने मानव रहित अंतरिक्ष विमान के लिए आवश्यक प्रौद्योगिकी संपन्न क्रू स्केप सिस्टम का परीक्षण भी कर लिया है। इसरो विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियों, प्रयोगशालाओं, शिक्षा संस्थानों और उद्योग क्षेत्र के साथ व्यापक सहयोग करके गगनयान कार्यक्रम के उद्देश्यों को सार्थक बनाएगा।

संचार उपग्रह जीसैट-7ए सफलतापूर्वक लॉन्च
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को शाम चार बजकर 10 मिनट पर देश का 35वां संचार उपग्रह जीसैट-7ए श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया। इसे प्रक्षेपण यान जीएसएलवी-एफ11 के जरिए लॉन्च किया गया। जीसैट-7ए उपग्रह का वजन 2,250 किलोग्राम है। इसरो ने कहा है कि जीसैट 7 ए भारतीय क्षेत्र में केयू बैंड में उपयोगकर्ताओं को संचार क्षमता प्रदान करेगा। इससे वायुसेना की नेटवर्किंग क्षमता मजबूत होगी। जीसैट-7ए का जीवन आठ वर्ष है।

सबसे वजनी उपग्रह जीसैट-11 सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित
इसके पहले 5 दिसंबर को जीसैट-11 उपग्रह फ्रेंच गुयाना स्पेस सेंटर से एरियनस्पेस रॉकेट की मदद से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। प्रक्षेपण के 33 मिनट बाद जीसैट -11 को कक्षा में स्थापित कर दिया गया। करीब 5,854 किलोग्राम वजन का जीसैट -11 इसरो का बनाया अब तक का सबसे अधिक वजन वाला उपग्रह है। इसका जीवन काल 15 साल से अधिक रहने का अनुमान है। यह अत्याधुनिक और अगली पीढ़ी का संचार उपग्रह है। जीसैट-11 देश में ब्रॉडबैंड सेवाएं प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जी सैट-11 उपग्रह 32 यूजर बीम के माध्‍यम से केयू बैंड और 8 हब बीम के माध्‍यम से केए बैंड में भारत के सामान्‍य और द्वीपीय क्षेत्रों में तीव्रगति की इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराएगा। पिछले 21 दिनों में इसरो ने तीन उपग्रहों और दो प्रक्षेपण यानों का सफल प्रक्षेपण किया है।

इसरो के अध्‍यक्ष डॉ के सिवन ने कहा ‘जीसैट-11’ देश के ग्रामीण और दूरदराज के ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भारत नेट परियोजना के तहत आने वाली ब्रॉडबैण्‍ड सम्‍पर्क सेवा को गति देगा, जो कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम का एक हिस्‍सा है। श्री सिवन ने कहा कि भारत नेट परियोजना का उद्देश्‍य ई-बैंकिंग, ई-हेल्‍थ और ई-गवर्नेंस जैसी जन कल्‍याणकारी योजनाओं को सशक्‍त बनाना है। उन्‍होंने कहा कि जीसैट-11 भविष्‍य के सभी तरह के संचार उपग्रहों के लिए एक अग्रदूत साबित होगा।

एक साथ 31 सैटेलाइट लॉन्च
इसके पहले अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष यान पीएसएलवी-सी43 के साथ आठ देशों के 31 सैटेलाइटों को प्रक्षेपित किया। इसमें धरती का अध्ययन करने वाले भारतीय हाइपर स्पेक्ट्रल इमेजिंग सैटेलाइट (HySIS) शामिल है। 380 किलोग्राम के इस सैटेलाइट को इसरो ने विकसित किया है। इसरो के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से गुरुवार सुबह 29 नवंबर को 09.58 बजे पीएसएलवी-सी43 से इन उपग्रहों का प्रक्षेपण किया गया। HySIS पीएसएलवी-सी43 अभियान का प्राथमिक उपग्रह है। इसके अलावा प्रक्षेपित 30 विदेशी सैटेलाइट में 23 अमेरिका के हैं और बाकी ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, कोलंबिया, फिनलैंड, मलेशिया, नीदरलैंड और स्पेन के हैं। इन विदेशी उपग्रहों का कुल वजन 261.5 किलोग्राम है।अंतरिक्ष में पहुंचा भारी सैटेलाइट
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का स्पेस मिशन रोजाना सफलता के नए-नए अध्याय जोड़ रहा है। इसरो ने 14 नवंबर को अपने भारी रॉकेट जीएसएलवी-एमके3-डी2 की मदद से देश के सबसे उन्नत संचार उपग्रह जीसैट-29 को कक्षा में स्थापित किया। यह उपग्रह पूर्वोत्तर और जम्मू-कश्मीर के दूरस्थ इलाकों में इंटरनेट और अन्य संचार सुविधाएं मुहैया कराने में मददगार होगा। यह उपग्रह क्यू ऐंड वी बैंड्स, ऑप्टिकल कम्युनिकेशन और एक हाई रेजॉल्यूशन कैमरा भी अपने साथ ले गया है। भविष्य के स्पेस मिशन के लिए पहली बार इन तकनीकों का परीक्षण किया गया। इस रॉकेट में दुनिया के दूसरे सबसे बड़े बूस्टर S200 का इस्तेमाल किया गया। 3423 किलोग्राम वजन का यह सैटलाइट भारत की जमीन से लॉन्च किया गया अब तक का सबसे भारी उपग्रह है। इस अभियान को इसलिए भी अहम माना है क्योंकि भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-2 और मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियानों में इस रॉकेट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

हाल ही में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष यात्रियों से जुड़े अभियान की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इसरो ने चालक दल की बचाव प्रणाली (क्रू एस्केप मॉड्यूल) से जुड़ी परीक्षण शृंखला को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस परीक्षण को चालक दल को बचाने की महत्त्वपूर्ण प्रणाली बताया जा रहा है क्योंकि यह अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से एक अहम तकनीक है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसरो दोबारा इस्तेमाल होने वाले अंतरिक्षयान (रियूजेबल लॉन्च व्हीकल) के परीक्षण पर काम कर रहा है, जो एक अंतरिक्ष यान या अंतरिक्ष यात्री दोनों को ले जा सकता है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब इसरो सीधे तौर पर अंतरिक्ष यात्री अभियान के अहम हिस्से के परीक्षण में सीधे तौर पर शामिल रहा है।

इसरो के वक्तव्य के मुताबिक इसरो ने अहम तकनीकी परीक्षण को अंजाम दिया है और यह क्रू एस्केप सिस्टम की विश्वसनीयता और प्रभावशीलता को परखने के लिए सिलसिलेवार परीक्षण में यह पहला अभियान था। यह अंतरिक्ष यात्रियों के लिए अहम तकनीक है। अब अगला ध्यान उड़ान में कैप्सूल को खत्म करने का होगा।  इसरो ने कहा, ‘क्रू एस्केप सिस्टम इस तरह डिजाइन किया गया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में अभियान के विफल होने पर अंतरिक्षयात्रियों को क्रू मॉड्यूल के साथ तुरंत सुरक्षित तरीके से निकाला जा सकेगा। पहले पैड अबॉर्ट सिस्टम ने परीक्षण में किसी आपात स्थिति के वक्त क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का सफल प्रदर्शन किया था।’

इसरो ने दिखाई अपनी ताकत, 100वें सैटेलाइट का हुआ सफल परीक्षण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अंतरिक्ष एवं अनुसंधान संगठन यानि (इसरो) रोज नए आयाम लिख रहा है। इसी वर्ष 12 जनवरी को इसरो ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-40 सी के जरिये पृथ्वी अवलोकन उपग्रह कार्टोसैट-2 सहित 31 उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया। इसरो की इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी वैज्ञानिकों की पीठ थपथपाते हुए इसरो की इस कामयाबी पर बधाई दी।

30 नैनो सैटेलाइट को पीएसएलवी-सी38 के जरिए छोड़ा
कुछ महीने पहले ही इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा स्थित लॉन्चपैड से कार्टोसैट-2s सैटेलाइट के साथ 30 नैनो सैटेलाइट को पीएसएलवी-सी38 के जरिए छोड़ा। कार्टोसैट-2 शृंखला उपग्रह का वजन 712 किलोग्राम है। पीएसएलवी-सी38 के जरिये भेजे जाने वाले अन्य 30 उपग्रहों का कुल वजन 243 किलोग्राम है। कार्टोसैट को मिलाकर सभी 31 उपग्रहों का कुल भार 955 किलोग्राम है। यह राकेट 14 देशों से 29 नैनो उपग्रह लेकर गया है, जिसमें ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्रिटेन, चिली, चेक गणराज्य, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, लातविया, लिथुआनिया, स्लोवाकिया और अमेरिका के साथ-साथ भारत का एक नैनो उपग्रह भी शामिल है। 15 किलोग्राम वजनी भारतीय नैनो सैटेलाइट एनआईयूएसएटी तमिलनाडु की नोरल इस्लाम यूनिवर्सिटी का है। यह उपग्रह कृषि फसल की निगरानी और आपदा प्रबंधन सहायता अनुप्रयोगों के लिए मल्टी-स्पेक्ट्रल तस्वीरें प्रदान करेगा। भारतीय सेना को भी इस सैटेलाइट लॉन्च से फायदा होगा। निगरानी से जुड़ी ताकत बढ़ेगी।

जीएसएलवी मार्क 3-डी1

देश के सबसे भारी रॉकेट जीएसएलवी मार्क 3-डी1 के जरिए सबसे वजनदार संचार उपग्रह जीसेट-19 को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित किया गया। GSLV Mk III रॉकेट को ISRO ने FAT BOY नाम दिया है। इसकी खासियत ये है कि ये ISRO द्वारा निर्मित अबतक का सबसे भारी (640 टन) लेकिन, सबसे छोटा (43 मीटर) रॉकेट है। 200 परीक्षणों के बाद ISRO ने इसे सोमवार 5 जून को अंतरिक्ष में भेजने में सफलता हासिल की। 

जीएसएलवी मार्क3-डी1 भूस्थैतिक कक्षा में 4,000 किलो और पृथ्वी की निचली कक्षा में 10,000 किलो तक के पेलोड या उपग्रह ले जाने की क्षमता रखता है। रॉकेट में स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन लगा है। इसके सफल प्रक्षेपण से भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने का भारत का रास्ता साफ होगा। अब तक 2,300 किलो से ज्यादा वजन वाले संचार उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए इसरो को विदेशी रॉकेटों पर निर्भर रहना पड़ता था। 

इसरो के पूर्व प्रमुख व सलाहकार डॉ राधाकृष्णन ने इस सफलता को मील का पत्थर करार दिया है। उन्होंने कहा, इसने प्रक्षेपण उपग्रह की क्षमता 2.2-2.3 टन से करीब दोगुनी 3.5-4 टन कर दी है। हम अब संचार उपग्रहों के प्रक्षेपण में आत्मनिर्भर हो जाएंगे।

GPS से भी 6 गुना बेहतर ‘नाविक’ 

अंग्रेजी समाचार पोर्टल टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार भारत का अपना GPS सफलतापूर्व काम करने लगा है और अगले साल तक देश की जनता भी इसका इस्तेमाल कर सकेगी। सबसे बड़ी बात ये है कि देशी NavIC अमेरिकी GPS से कहीं अधिक अचूक है। खास बात ये है कि NavIC यानी ‘Navigation with Indian Constellation’ का हिंदी अर्थ नाविक है, जो नाम खुद प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है। इसके साथ ही भारतीय अंतरिक्ष रिसर्च संगठन (ISRO) ने एकबार फिर से अंतरिक्ष की दुनिया में अपनी कामयाबियों की कड़ी में एक और झंडा गाड़ दिया है।

वैज्ञानिकों ने NavIC को इस तरह से डिजाइन किया है कि इस्तेमाल करने वालों को देश के अंदर किसी भी जगह की सटीक से सटीक जानकारी मिल सकेगी। जानकारी के अनुसार अब अगर आप कहीं भी रास्ता भटक जाएं, तो ‘NavIC’ आपकी मदद के लिए हाजिर होगा। उम्मीद है कि 2018 की शुरुआत में ही जनता इसका इस्तेमाल करना शुरू कर देगी। इसके लिए ISRO ने पिछले साल 28 अप्रैल को IRNSS-1G (Indian Regional Navigation Satellite System) सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजा था। इसी के बाद प्रधानमंत्री ने इस शुद्ध देशी GPS का नाम NavIC (Navigation with Indian Constellation) दिया था। जानकारों के अनुसार अमेरिकी GPS, 24 सैटेलाइट्स का समूह है, इसीलिए उसका दायरा बहुत अधिक है और वो पूरी दुनिया पर नजर रख सकता है। लेकिन सिर्फ 7 सैटेलाइट के समूह वाले NavIC का दायरा सिर्फ भारत और उसके आसपास के क्षेत्रों तक सीमित है। लेकिन अमेरिकी GPS की तुलना में इसकी सू्क्ष्मता बहुत ही ज्यादा सटीक है। NavIC की accuracy 5 मीटर है, जबकि GPS की accuracy 20-30 मीटर की है। अभी तक अमेरिका के अलावा, रूस और चीन के पास ही इस तरह का नेविगेशन सिस्टम है।

अर्थ मॉनिटरिंग सैटेलाइट बनाएंगे ISRO-NASA
हाल के समय में ISRO के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में कई कीर्तिमान बनाए हैं। इसी से प्रभावित होकर अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA ने ISRO से हाथ मिलाकर रिसर्च के क्षेत्र में कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है। समाचार पोर्टल जनसत्ता के अनुसार अमेरिकन स्पेस एजेंसी NASA और ISRO के साथ मिलकर जो अर्थ मॉनिटरिंग सैटेलाइट बनाएंगे उसका नाम होगा NISAR (NASA-ISRO Synthetic Aperture Radar satellite)। माना जा रहा है कि ये दुनिया की सबसे मंहगी इमेजिंग सैटेलाइट हो सकती है। बताया जा रहा है कि इसकी लागत करीब 9,600 करोड़ रुपये हो सकती है। माना जा रहा है कि इस सैटेलाइट से भूकंप, ज्वालामुखी, जंगल में फैली आग, समुद्री जलस्तर में बढ़ोत्तरी जैसी घटनाओं पर नजर रखी जा सकेगी और उसका अध्ययन किया जा सकेगा।

विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यता की खोज
NASA और ISRO मिलकर सिर्फ पहला सैटेलाइट ही नहीं तैयार कर रहे हैं। स्पेस रिसर्च के क्षेत्र में दुनियाभर में प्रतिष्ठित दोनों संगठन विश्व की संभवत: सबसे प्राचीन सभ्यता के राज भी तलाशने वाले हैं। समाचार पोर्टल नवभारत टाइम्स के अनुसार हरियाणा सरकार फतेहाबाद जिले के कुणाल गांव में सरस्वती नदी के पुनरुद्धार के लिए जो उत्खनन का कार्य करवा रही है उसमें अति विकसित हड़प्पा से भी पुरानी सभ्यता के अवशेष मिले हैं। बताया जा रहा है कि वो सभ्यता 6 हजार साल से भी अधिक पुरानी हो सकती है। जानकारी के अनुसार इस साल अक्टूबर से ISRO के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर NASA की टीम जांच में जुटेगी और इस बात का अध्ययन करेगी कि क्या हरियाणा के कुणाल गांव में मिले सभ्यता के अवशेष दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता के हैं? बताया जा रहा है कि वहां हुई अबतक की खुदाई में आभूषण, मनके, हड्डियों के मोती मिले हैं।

दक्षिण एशिया के लिए ISRO बना वरदान

इसरो ने श्रीहरिकोटा में साउथ एशिया सैटेलाइट GSAT-9 को लॉन्च किया। इस सैटेलाइट से पाकिस्तान को छोड़कर बाकी साउथ एशियाई देशों को कम्युनिकेशन की सुविधा मिल रही है। इस मिशन में अफगानिस्तान, भूटान, नेपाल, बांग्लादेश, मालदीव और श्रीलंका शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट पर 450 करोड़ रुपए का खर्च आया है। यह सैलेटाइट 2230 किलो का है जिससे कम्युनिकेशन की सुविधा मिलेगी। ये उपग्रह प्राकृतिक संसाधनों का खाका बनाने, टेली मेडिसिन, शिक्षा क्षेत्र, आईटी और लोगों से लोगों का संपर्क बढ़ाने के क्षेत्र में पूरे दक्षिण एशिया के लिए एक वरदान साबित होगा। इसके माध्यम से भूकंप, चक्रवात, बाढ़, सुनामी जैसी आपदाओं के समय संवाद कायम करने में मदद मिल सकेगी।

एक साथ 104 सैटेलाइट छोड़कर रचा इतिहास
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान, इसरो ने इसी साल एक साथ 104 उपग्रह लांच करके एक नया इतिहास रच दिया। सारी दुनिया इसरो की इस सफलता को देखकर दंग रह गई। इससे पहले एक अभियान में इतने उपग्रह एक साथ कभी नहीं छोड़े गए। एक अभियान में सबसे ज्यादा 37 उपग्रह भेजने का विश्व रिकार्ड रूस के नाम था। यह प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से किया गया। इस अभियान में भेजे गए 104 उपग्रहों में से तीन भारत के थे। विदेशी उपग्रहों में 96 अमेरिका के तथा इजरायल, कजाखिस्तान, नीदरलैंड, स्विटजरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के एक-एक थे। इससे पहले इसरो ने जून 2015 में एक मिशन में 23 उपग्रह लांच किए थे। 

अन्य बड़ी उपलब्धियां-

मंगलयान पहले ही प्रयास में मंगल ग्रह तक पहुंचने में कामयाब रहने वाला भारत पहला देश है। अमेरिका के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में मंगलयान अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि अहमदाबाद में ऑटो रिक्शा से एक किलोमीटर जाने पर 10 रुपए का खर्च आता है, लेकिन हमारे मंगलयान द्वारा तय की गई यात्रा पर तो महज सात रुपए प्रति किलोमीटर का खर्च आया। उन्होंने कहा कि हमारे मंगल अभियान का खर्च हॉलीवुड की एक चर्चित साइंस फिक्शन फिल्म की लागत से भी कम था।

Leave a Reply