Home नरेंद्र मोदी विशेष खतरा सीमा के भीतर हो या सीमा पार, यह नया हिन्दुस्तान गोली...

खतरा सीमा के भीतर हो या सीमा पार, यह नया हिन्दुस्तान गोली का जवाब गोले से देगा- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के सघन चुनावी दौरे पर हैं। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर और कौशांबी के साथ ही मध्य प्रदेश के होशंगाबाद और राजस्थान के जयपुर में पीएम मोदी की सभाएं हैं। अम्बेडकरनगर में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने एक ओर केंद्र सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने रखा तो दूसरी ओर आतंकवाद जैसे मुद्दे से कारगर तरीके से नहीं निपटने के लिए कांग्रेस और महागठबंधन के दलों की आलोचना की।  

पीएम मोदी ने कहा, “कोई गरीब अपने बच्चे को गरीब नहीं देखना चाहता। कोई चाय वाला यह नहीं सोचता कि उसका बच्चा बड़ा होकर चाय वाला बने। कोई रेहड़ी वाला यह नहीं सोचता कि उसका बच्चा बड़ा होकर रेहड़ी चलाए। कोई सब्जी बेचने वाली यह नहीं सोचती कि उसका बच्चा भी बड़ा होकर सब्जी बेचे। गरीब आगे बढ़ना चाहता है। मजदूर आगे बढ़ना चाहता है। उसे आवश्यकता होती है एक संबल की।”

देश के करोड़ों गरीबों के लिए किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पहली बार देश में किसी सरकार ने गरीबों के बारे में सोचा है, श्रमिकों के बारे में सोचा है। हमने उनकी परवाह की है, उनका जीवन आसान बनाने के लिए काम किया है। अभी हाल ही में हमारी सरकार पीएम श्रमयोगी मानधन योजना लेकर आई है। इसके तहत श्रमिक साथियों को साठ वर्ष की आयु के बाद 3000 रुपये की पेंशन हर महीने सुनिश्चित की गई है। इसी तरह, हमने गरीबों के लिए सिर्फ एक रुपया महीना और 90 पैसे रोजाना के छोटे से प्रीमियम पर दो-दो लाख की दो बीमा योजनाएं शुरू कीं। इन योजनाओं के माध्यम से मुश्किल समय में गरीबों के घर अब तक 3500 करोड़ रुपये की क्लेम राशि पहुंच चुकी है।”

पीएम मोदी ने कहा, “हमारे देश की आत्मा हमारी संस्कृति में, हमारे दर्शन में, हमारी आस्था में, हमारे अध्यात्म में बसती है। हमारी इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को विदेशी मानसिकता और तुष्टीकरण का खेल खेलने वालों ने खतरे में डाल दिया था। यह भाजपा और एनडीए की सरकार है, जिसने भारत के इस मूल को न सिर्फ संरक्षित किया, बल्कि प्रसारित-प्रचारित किया। योग सदियों से हमारी संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन पूरी दुनिया 21 जून को योग दिवस मनाए, यह काम इस चौकीदार ने किया है। कुंभ भी हजारों साल से होता आ रहा है। लेकिन जो दिव्यता और भव्यता से इस बार प्रयाग राज में दिखी वो अभूतपूर्व है। अयोध्या में दीप तो हजारों बरसों से जलते आए हैं, लेकिन अब जो दीपावली मनाई जाती है, वो दुनिया भर में चर्चा का विषय बनती है।“

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “देश में अभी स्वदेश दर्शन के नाम से एक बहुत व्यापक प्रोजेक्ट चल रहा है। जिसके अंतर्गत देश में रामायण सर्किट, कृष्ण सर्किट, बौद्ध सर्किट सहित 15 सर्किट पर काम चल रहा है। रामायण सर्किट के तहत अयोध्या से लेकर रामेश्वरम् तक जहां-जहां प्रभु राम के निशान हैं, उन स्थानों को विकसित किया जा रहा है। आस्था और पर्यटन पर सबसे बड़ा खतरा होता है आतंकवाद का। बीते पांच वर्षों में बम धमाकों की खबर आनी बंद हो गई है। लेकिन ये आतंकी हमारे देश में एक कमजोर सरकार के इंतजार में हैं। इसलिए, आपको पूरी तरह से चौकन्ना रहना है। हम एक नए हिन्दुस्तान के रास्ते पर चल पड़े हैं, जो छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ेगा तो छोड़ता भी नहीं है। खतरा सीमा के भीतर हो या सीमा पार, यह नया हिन्दुस्तान घर में घुसकर मारेगा। गोली का जवाब गोले से देगा। जब भारत सुरक्षित रहेगा तभी हमारे सपने पूरे हो पाएंगे।”  

उत्तर प्रदेश के कौशांबी की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी और उसके साथी दल देश की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस चुनाव की एक और विशेषता है। भारत की सरकार बनाने के लिए हमारे वे नौजवान, युवक और युवतियां पहली बार वोट देने जा रहे हैं, जिनका जन्म 21वीं सदी में हुआ है। वे ओजस्वी हैं, तेजस्वी हैं, जवान हैं, उनके सपने भी जवान हैं। वो आज मोबाइल फोन पर दुनिया को अपने हाथ में समेटे हुए हैं। ऐसे नौजवानों का भी सपना है कि हमारा हिन्दुस्तान दुनिया में नंबर एक बने। ये युवा देश का भविष्य तय करने वाले हैं। मैं पहली बार मतदान करने वाले, लोकसभा के लिए मतदान करने वाले ऐसे सभी युवकों और युवतियों को अपनी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। मैं उनको राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने के लिए निमंत्रित करता हूं।“

मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में विकास के प्रति अपनी कटिबद्धता जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उपस्थित जनसमूह से भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा, “इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो या फिर सामान्य मानवी के जीवन को ऊपर उठाना, हमने पूरी क्षमता से काम किया है। 2022 तक देश के हर गरीब बेघर को अपना पक्का घर देने के लिए हम काम कर रहे हैं। शौचालय हो, रसोईघर में एलपीजी गैस कनेक्शन हो- गरीब बहनों को सम्मान का जीवन देने का निरंतर प्रयास हम करते रहे हैं। भाजपा एक मजबूत, नए भारत के लिए आपकी सेवा में हाजिर है।”

Leave a Reply