Home समाचार लूटने और लटकाने के खेल में कांग्रेस में अव्वल : झारखंड में...

लूटने और लटकाने के खेल में कांग्रेस में अव्वल : झारखंड में पीएम मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के बरही और बोकारो में दो विशाल रैलियों को संबोधित किया। लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव के परिणाम की चर्चा की। उन्होंने कहा कि  कर्नाटक की जनता ने चुनाव में भाजपा को सरकार बनाने के लिए मैंडेट दिया था, लेकिन कांग्रेस ने पर्दे के पीछे से खेल करके भाजपा को सरकार बनाने नहीं दी थी। लेकिन आज जनता ने उन्हें सजा दी है, ज्यादातर सीटों पर भाजपा जीत हासिल कर रही है या तेजी से आगे बढ़ रही है। मैं स्थिरता और विकास के लिए भाजपा पर एक बार फिर विश्वास जताने के लिए कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सच्चाई को झारखंड के लोगों को भी याद रखना है। कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। ये अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है और फिर अपने हित के लिए अपने सहयोगियों को कठपुतली की तरह उपयोग करती है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों के एक-एक उम्मीदवार को झारखंड में भी हराना जरूरी है। 

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और दुबई में भारत की जय जयकार हो रही है। ये मोदी के कारण नहीं अपितु आप 130 करोड़ देशवासियों के कारण हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये कांग्रेस ही है जिसने भगवान राम की जन्मभूमि को लेकर चल रहे विवाद को अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए दशकों तक लटकाए रखा। ये फैसला भी तब आया जब आपने दिल्ली में भाजपा की मजबूत सरकार बनाई।

उन्होंने कहा कि त्रिशंकु परिणाम आता है तो कर्नाटक की तरह तबाह करने वाले मैदान में आ जाते हैं। हम तय करें कि हम झारखंड को बर्बाद नहीं होने देंगे। हम कमल के फूल पर बटन दबाकर झारखंड को फिर एक बार मजबूती देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों तक देश में ये मांग उठती रही कि झारखंड और देश के करोड़ों ओबीसी परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला ये काम न तो किया और न होने दिया। ये काम भी तब हुआ, जब आपने दिल्ली में मोदी की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को आरक्षण देने की मांग के लिए दशकों से आंदोलन चल रहा था। हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10% आरक्षण देने का काम किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भाजपा की सरकार होती है तो आपकी सेवा के लिए ईमानदारी से काम करती है। देश के आदिवासियों की जिंदगी, पिछड़ों की जिंदगी और बेहतर हो, उनकी मुश्किलें कम हो, इसके लिए हम दिन रात मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले 8-9 साल में आदिवासियों को जमीन के सिर्फ 19 हजार पट्टे ही मिल पाए थे, जबकि भाजपा ने बीते 5 वर्ष में 60 हजार से अधिक जनजातीय परिवारों को जमीन के पट्टे दिला दिए।

पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति में कांग्रेस ने हमेशा दो काम प्राथमिक रूप से किए हैं। एक – लूट का खेल। खुद भी लूटो, औरों को भी लूटने दो। दूसरा – लटकाने का। ये अगर नहीं लूट सके, तो उसे लटका देते हैं। कांग्रेस और उसके साथियों को सिर्फ सत्ता का लोभ है। इसलिए उनके पास बड़े और कड़े फैसले लेने का ना तो साहस है, ना ही संवेदनशीलता है।

उन्होंने कहा कि जबकि भाजपा के लिए राष्ट्रहित सबसे ऊपर है और सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है। यही कारण है कि बीते 5 वर्षों में अभूतपूर्व काम हुए हैं। जिस झारखंड को कांग्रेस और उसके साथियों की उपेक्षा और गलत नीतियों ने नक्सलवाद की तरफ धकेला, उसको भाजपा ने आज शांति और विकास की तरफ अग्रसर किया है। 

 

पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड का विकास कांग्रेस और उसके साथियों के लिए कोई मायने नहीं रखता था। सरकार की तरफ से जो पैसा आता था, उस पर भी ये खेल कर जाते थे। जो राज्य प्राकृतिक संसाधनों के हिसाब से संपन्न हो, उसे इन राजनीतिक दलों ने कभी ऊपर नहीं उठने दिया। यही इसकी सोच है। 

उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक काम जो आज भाजपा की सरकारें कर रही हैं, ये पहले भी हो सकते थे। पहले होते तो आज यहां उद्योग के लिए, रोज़गार के लिए और ज्यादा बेहतरीन माहौल मिलता। लेकिन कांग्रेस- राजद और जेएमएम जैसे दलों की नीयत में खोट था, इसलिए नीतियां भी खोटी बनाई गईं। ये लोग दलितों, गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों को भाजपा के नाम पर दशकों से डराते रहे हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये भाजपा की सरकार के कारण झारखंड में सालों से लटकी पानी की योजनाएं फिर से शुरु हुई हैं। अब भाजपा सरकार का संकल्प है कि 2024 तक देश के हर घर तक पीने का पानी पहुंचे। एक तरफ आयुष्मान भारत के माध्यम से गरीब से गरीब परिवार को आज 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ देशभर के 50 करोड़ से अधिक पशुओं के मुफ्त टीकाकरण का अभियान भी शुरू हुआ है।

उन्होंने कहा कि झारखंड को एक और सेक्टर के लिए हम तैयार कर रहे हैं, वो टूरिज्म है। यहां पकट्टा भी है, झुमरी तलैया भी है, जंगल भी हैं और झरने भी हैं। अब यहां सड़कें भी बन रही हैं। ऐसे में पर्यटकों को झारखंड लाने के लिए भाजपा हर संभव प्रयास करने वाली है। इससे यहां के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

प्रधानमंत्री ने जनसभा में उपस्थित लोगों से भारी संख्या में मतदान कर झारखंड में एक बार फिर से भाजपा की मजबूत सरकार बनाने की अपील की। 

 

Leave a Reply